
110 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे ओवरब्रिज की मंजूरी पर जताया आभार, शिलान्यास समारोह में शामिल होने का दिया न्योता
लखनऊ (प्रेस विज्ञप्ति): उत्तर प्रदेश के पूर्व कार्यवाहक मुख्यमंत्री एवं ऑल इंडिया माइनॉरिटीज फोरम फॉर डेमोक्रेसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अम्मार रिज़वी ने केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से उनके नई दिल्ली स्थित आवास 17, अकबर रोड पर मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने रक्षामंत्री को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के लिए बधाई दी।
मुलाकात के दौरान सीतापुर सहित उत्तर प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। डॉ. रिज़वी ने बताया कि उनके अनुरोध पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने लखनऊ से महमूदाबाद रोड पर 110 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण को मंजूरी दी है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण परियोजना की मंजूरी पर आभार व्यक्त करते हुए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से इसके शिलान्यास समारोह में शामिल होने का अनुरोध किया।
डॉ. अम्मार रिज़वी ने अग्निवीरों को भारतीय सेना में स्थायी नौकरी देने से संबंधित घोषणा और इस दिशा में रक्षा मंत्रालय द्वारा उठाए गए कदम को भी सराहनीय बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को बहुत-बहुत बधाई दी।
मुलाकात के दौरान देश को आत्मनिर्भर बनाने, राष्ट्रीय सुरक्षा, बुनियादी ढांचे के विकास और युवाओं के भविष्य से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। डॉ. रिज़वी ने सीतापुर सहित उत्तर प्रदेश के विकास से जुड़े जनहित के मुद्दों को सरकार के समक्ष उठाने और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने की प्रतिबद्धता भी जताई।यह जानकारी ऑल इंडिया माइनॉरिटीज फोरम फॉर डेमोक्रेसी के सचिव (प्रचार एवं प्रसार) अबू शहमा अंसारी ने दी।


